पानीपत। बराना गांव के सरपंच पति पर अपने साथियों के साथ मिलकर एक कंपनी से दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप लगे हैं। घरौंडा सब डिवीजन के बिजली कर्मचारी बराना गांव से कंपनी के लिए बिजली की तार बिछा रहे थे। इन तारों की बिछाने की एवज में यह रंगदारी मांगी गई। कंपनी ने इस संबंध में बिजली निगम में शिकायत दी। बिजली निगम के एसडीओ ने सेक्टर 13-17 थाना पुलिस में आरोपी सरपंच पति व उसके दो साथियों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है। अब मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
घरौंडा सब डिविजन के एसडीओ दीपक गर्ग ने अपनी शिकायत में बताया कि वह फरीदपुर गांव स्थित वुल टैक्स सिद्धार्थ कंपनी तक तार बिछाने का काम कर रहे थे। इसलिए कंपनी ने बिजली निगम में आवेदन दिया था। इसके लिए कनेक्शन जारी किया जा रहा था। यह बिजली लाइन गढ़ी भरत से गांव बराना से होते हुए फरीदपुर गांव जानी है। जब उनके दो कर्मचारी लाइन बिछाने के लिए गांव बराना में गए तो वहां पर बराना गांव की सरपंच का पति सुरेश अपने साथी बिंदर व रोहित निवासी गांव पल्हेड़ी के साथ पहुंच गया। उसने सरकारी काम में बाधा डाली और उनके गांव से लाइन ने ले जाने की धमकी दी। लाइन ले जाने के बदले सुरेश ने वुल टैक्स सिद्धार्थ कंपनी से दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पैसे न देने पर लाइन न बिछने देने की धमकी दी। इसके बाद उनके कर्मचारियों को यहां से बिना काम किए वापस आना पड़ा। कंपनी के अधिकारियों ने उनको लिखित में सरपंच पति सुरेश व उसके साथियों के खिलाफ शिकायत दी थी।
वर्जन-
सेक्टर 13-17 पुलिस थाना प्रभारी हिमांशू ने बताया कि एसडीओ की ओर से उन्हें शिकायत मिली थी। शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों को नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया गया है। जांच में दोषी मिलने पर उन पर कार्रवाई की जाएगी।