मतलौडा। वेसर गांव में शनिवार को गली से गुजर रहे तीन साल के मासूम बच्चे को बाइक सवार तीन युवकों ने टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर लगते ही बच्चा दूर जाकर गिरा। परिजनों ने बच्चों को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। बच्चे की गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने उसे करनाल के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। बच्चे की गंभीर हालत के कारण उसे आईसीयू में रखा गया है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि बाइक सवार युवक नशे में थे और गली में तेज गति से बाइक को दौड़ा रहे थे। पुलिस ने पीड़ित परिजनों की शिकायत पर तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वेसर वासी कर्मपाल ने पुलिस को बताया कि उसका तीन साल चार महीने का बेटा अंश घेर से घर जा रहा था। गांव के रहने वाले तीन लड़के बाइक को तेज गति से दौड़ाते हुए आए और उसके बेटे अंश को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अंश दूर जाकर गिरा और चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी व परिजन बाहर आए। बच्चे को गंभीर हालत में जिला नागरिक अस्पताल लेकर आए। चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि बच्चे के पेट की आंतें फटी हुई है। हालात गंभीर होने के कारण उसे दिल्ली रेफर कर दिया लेकिन परिजनों ने करनाल के एक निजी अस्पताल में अंश को दाखिल करवाया है। बाइक सवार तीनों युवक नशे में थे। नवयुवक गांव की गलियों में बाइक को दौड़ाते रहते हैं। जहां पर गलियों में बच्चे खेलते रहते हैं। गांव के लोगों ने इनको पहले भी कई बार समझाने का प्रयास किया लेकिन नहीं माने। इनसे गांव के लोग परेशान हैं। मतलौडा पुलिस ने कर्मपाल की शिकायत पर गांव निवासी प्रियांशु पुत्र राकेश, आर्यन पुत्र संदीप व राहुल के खिलाफ लापरवाही से बाइक चलाने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।