पानीपत। शास्त्री कॉलोनी में रहने वाले एक धागा कारोबारी को रिश्ता तोड़ने की रंजिश में युवक ने जान से मारने और उसकी बेटियों का भविष्य खराब करने की धमकी दी है। कारोबारी की शिकायत पर सेक्टर-29 थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
शास्त्री कॉलोनी निवासी धागा कारोबारी ने बताया कि उसके सात बच्चे हैं, जिनमें दो शादीशुदा हैं। उसने डेढ़ साल पहले अपनी एक बेटी के रिश्ते के लिए दिल्ली के पहाड़गंज निवासी दानिश से बात चलाई थी। उन्होंने दानिश के परिवार से जानकारी ली तो उनके विचार नहीं मिले। उन्होंने पांच-छह माह बाद ही रिश्ते से मना कर दिया था। इसके बाद दानिश ने उससे बहस की। बहस के बाद पिछले छह माह से उनके पास लगातार अलग-अलग नंबरों से धमकी भरे फोन आ रहे हैं। उसकी लड़कियों की जिंदगी खराब करने और जहां शादी करोगे, वहीं पहुंच जाने की धमकी दे रहे हैं। आरोपी उसकी बेटियों के बारे में अपशब्द बोलते हैं। उसे शक है कि ये धमकियां दानिश दिलवा रहा है। सेक्टर-29 थाने की पुलिस ने दानिश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।