पानीपत। सीआईए-3 ने विद्यानंद कॉलोनी में पड़ोसी के घर से आभूषण व नकदी चोरी करने वाले तीसरे आरोपी राजन निवासी आर्य नगर को शुक्रवार देर शाम सनौली रोड पर बलजीत नगर नाका के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस मामले में पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
सीआईए-3 प्रभारी इंस्पेक्टर अंकित ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपी ने उक्त वारदात में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने साथी शाहरुख व सचिन निवासी विद्यानंद कॉलोनी के साथ मिलकर चोरी की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से उसके हिस्से में आई चोरी की नगदी में से बचे सात हजार रुपये बरामद कर पूछताछ के बाद आरोपी राजन को शनिवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक इस मामले में थाना चांदनी बाग में विद्यानंद कॉलोनी निवासी सुमित ने शिकायत दी थी कि 22 अगस्त की रात उसके घर में चोरी हो गई। अज्ञात चोर घर से दो मोबाइल फोन, रजिस्ट्री व सोने का टीका व चांदी की पायल व तागड़ी व 25 हजार रुपये चोरी कर ले गए। थाना चांदनी बाग पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।