पानीपत। चोरों ने जिला नागरिक अस्पताल के मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर नशे की दो हजार गोली चोरी कर ली। पुलिस चौकी के सामने चोर आसानी से वारदात को अंजाम दे गए और पुलिस व स्वास्थ्य विभाग को उस समय चोरी का पता तक नहीं चला। चोर इमरजेंसी गेट के पास शीशा तोड़कर मेडिकल स्टोर में घुसा। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चोरों को नशे की गोलियों की पूरी जानकारी थी। उन्होंने स्टोर से महज नशे व दर्द की गोलियां ही चोरी की। ये दवाएं बाहर आसानी से उपलब्ध नहीं होती। बाकी दवाओं को हाथ तक नहीं लगाया। चोर इस दौरान शीशा लगने से घायल भी हो गया। सोमवार सुबह इमरजेंसी वार्ड को खोलने आए सिक्योरिटी गार्ड ने इसकी सूचना अस्पताल प्रशासन को दी। डिप्टी एमएस डॉ. अमित पोरिया ने इसकी शिकायत सिटी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने अब मामले की जांच कर रही है। अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
जिला नागरिक अस्पताल का इमरजेंसी वार्ड सायं चार बजे बंद हो जाता है। अस्पताल की सुरक्षा के लिए यहां पुलिस चौकी भी बनाई गई है। इमरजेंसी वार्ड से महज 100 मीटर दूर पुलिस की चौकी है। इसमें चार पुलिस के जवान तैनात रहते हैं। रात को अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों की इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी नहीं रहती । रात लगभग दो बजे चोरों ने इमरजेंसी वार्ड के गेट के पास शीशा तोड़ा और अंदर घुसपैट की। इसके बाद मेडिकल स्टोर का भी शीशा तोड़ा गया। इसमें चोर घायल भी हुआ है। पूरे मेडिकल स्टोर में खून पड़ा है। चोर ने मेडिकल स्टोर से दर्द की 570 गोलियां ट्रामाडोल की, 500 एलप्रेक्स की, 500 क्लोनोजीप्लाम, 120 गोलियां 120 एमजी की ट्रामाडोल व अन्य 400 गोलियां चोरी कर ले गए। अब इस बात का शक जाहिर किया जा रहा है कि इस वारदात में अस्पताल का भी कोई कर्मचारी शामिल हो सकता है। जिसको इन दवाओं के बारे में पता था। क्योंकि ये दवाएं बाहर बिना डॉक्टर के परामर्श के नहीं मिल सकती। ये आसानी से भी उपलब्ध नहीं हो सकती । चोरों ने इन दवाओं के स्टॉक के बारे में पूरी जानकारी थी।
वर्जन-
जिला नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ. अमित पोरिया ने बताया कि घटना की शिकायत पुलिस को दी गई है। अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। उम्मीद है कि चोरों का जल्द पता चल जाएगा।