पानीपत। जाटल रोड स्थित मुखीजा कॉलोनी में दोस्त के कमरे पर एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दिव्यांग दोस्त की सूचना पर पहुंची आठ मरला चौकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवाया। पुलिस ने युवक के परिजनों को सूचना दी है। बृहस्पतिवार तक परिजनों के पानीपत पहुंचने की संभावना है। उनके आने के बाद पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराएगी।
मूल रूप से यूपी के जौनपुर जिले के कटोनी गांव निवासी प्रतीक (26) पुत्र प्रवीन दो दिन पहले काम की तलाश में पानीपत आया था। वह जाटल रोड स्थित मुखीजा कॉलोनी में अपने दिव्यांग दोस्त अशोक के पास रह रहा था। अशोक ने बताया कि मंगलवार को उसे मंडी में सब्जी लेने जाना था। वह प्रतीक को साथ चलने के लिए कहने लगा, लेकिन वह नहीं गया। प्रतीक ने कहा कि तुम जाओ, उसे किसी से फोन पर अर्जेंट बात करनी है। इसके बाद वह सब्जी लेने चला गया। जब लौटा तो अंदर से दरवाजा बंद था। उसने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। उसने खिड़की से देखा तो प्रतीक गमछे के फंदे पर पंखे से लटका था। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि प्रतीक ने फांसी लगाने से पहले परिजनों से बातचीत की थी।
मृतक के पिता प्रवीन यूपी में जौनपुर में मेहनत मजदूरी करते हैं। उनके दो बच्चे हैं। इनमें बड़ी बेटी शादीशुदा है और छोटा बेटा प्रतीक अविवाहित था। इसके लिए परिवार रिश्ता ढूंढ रहा था। प्रतीक पहले भी पानीपत में काम कर चुका है। वह लॉकडाउन के दौरान नौकरी न मिलने पर अपने गांव चला गया था। अब वह काम की तलाश में दोबारा पानीपत आया था।