पानीपत। वार्ड नंबर सात के कप्तान नगर में नगर निगम के स्ट्रीट लाइट पोल से बिजली करंट लगने से बुधवार को एक मजदूर रोशन की मौत हो गई। जोकि नगर निगम अधिकारियों की लापरवाही का परिणाम है। इसमें सीधे रूप से बिजली ठेकेदार और नगर निगम अधिकारी दोषी हैं। ये बात पूर्व जिला पार्षद एवं प्रधान जन आवाज सोसाइटी जोगेंद्र स्वामी ने कही। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाइटों और खंभों की समय-समय पर निरीक्षण करने की आवश्यकता होती है लेकिन इसमें जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार की ओर से समय रहते निरीक्षण नहीं किया जाता। जिसके चलते एक गरीब मजदूर की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में उनकी पूरी टीम शोक संतप्त परिवार के साथ है। वे पीड़ित परिवार को सांत्वना प्रकट करते हैं और पीड़ित परिवार को आश्वासन देते हैं कि उनको जहां भी उनकी जरूरत होगी वे उनके साथ खड़े मिलेंगे।
उन्होंने इस विषय पर सरकार से अनुरोध करते हुए कहा कि इस मामले को एक गरीब मजदूर परिवार का बच्चा समझ कर लीपापोती न की जाए बल्कि इस प्रकार के हादसे के जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार पर अपराधिक मामला दर्ज करवाए जाएं। सरकार मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करे। जिससे पीड़ित परिवार को अपना गुजर-बसर करने के लिए कुछ सहारा मिल सके।