पानीपत। शहर के ग्रामीण और आउटर एरिया में अमृत योजना के तहत पेयजल पाइपलाइन और सीवरेज लाइन बिछाई जा रही है। वहीं, अब तक वार्ड नंबर 25 में ये काम शुरू नहीं हो सका है। इसे लेकर वीरवार को सीनियर डिप्टी मेयर ने अमृत योजना के ठेकेदार को बुलाकर काम की रूपरेखा का अवलोकन किया। उन्होंने ठेकेदार को निर्देश दिए कि वार्ड नंबर 25 में जल्द से जल्द पानी और सीवरेज की लाइन बिछाई जाए। बता दें कि वार्ड नंबर 25 से सीनियर डिप्टी मेयर दुष्यंत भट्ट पार्षद भी हैं। काफी लंबे अरसे से लोगों की मांग थी कि वार्ड में पीने के पानी से लेकर सीवर की लाइन बिछाई जाए और उनके कनेक्शन भी किए जाएं। सीनियर डिप्टी मेयर के निर्देशों पर अमृत योजना के ठेकेदारों ने कहा कि वे अगले सप्ताह से ही वहां काम करना शुरू करेंगे। सबसे पहले हरिनगर और गंगा राम कॉलोनी में काम शुरू किया जाएगा। इसके अलावा सीवरेज लाइन के लिए सबसे पहले उस एरिया को चयनित किया जाएगा जिसके पहले से ही निकासी कनेक्टिविटी हो।
सीनियर डिप्टी मेयर ने बताया कि अमृत योजना का करीब पांच सौ करोड़ का प्रोजेक्ट है। इससे शहर के आउटर कॉलोनियों और ग्रामीण विधानसभा वाले एरिया में पीने और सीवरेज की लाइन बिछानी हैं। इसमें जिन सड़कों को पाइपलाइन बिछाने के लिए अमृत योजना के ठेकेदारों की ओर से उखाड़ा जाएगा, वे ही इसे वापस बनाएंगे। वहीं पानी से लेकर सीवरेज के कनेक्शन तक की जिम्मेदारी ठेकेदारों की होगी। इसके अलावा प्रोजेक्ट जब पूरा होगा तो उसकी देखरेख का जिम्मा भी एजेंसी का ही होगा।
उन्होंने एजेंसी ठेकेेदारों से कहा कि निगम क्षेत्र में जहां भी प्रोजेक्ट के तहत काम बचा हुआ है उसे जल्द से जल्द पूरा किया जाए। काम में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।