पानीपत। वार्ड -20 के अंतर्गत मॉडल टॉउन एरिया के अपना पार्क से निगम का अब बेंच घोटाला सामने आया है। बेंचों में लगे लोहे के खोखले पाइप में गीला रेत भरकर इनका वजन बढ़ाया गया था। इसका खुलासा विधायक प्रमोद विज ने निगम अफसरों के सामने किया। वह निगम अफसरों के साथ मौके पर पहुंचे और बेंचों के पाइप तुड़वाकर और रेत निकलवाई। इसके बाद निगम ने कार्रवाई करते हुए एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने, पेमेंट रोकने, रिकवरी करने के साथ एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया है।
नगर निगम ने शहरी विधानसभा क्षेत्र में 387 लोहे के बेंच लगाने के लिए जनवरी 2022 में 50 लाख रुपये का टेंडर दिया था। यह टेंडर आरएन इंटरप्राइजेज एजेंसी को मिला। अब तक 311 बेंच रखवाए जा चुके थे, वहीं 78 बाकी थे। नियमानुसार एक बेंच का वजन 90 किलो तक होना चाहिए था लेकिन एजेंसी ने ये बेंच काफी हलके लगा दिए। इनका वजन बढ़ाने के लिए एजेंसी ने बेंच में लोहे खोखले 12 पाइप में रेत भर दिया।
स्थानीय निवासी हरविंद्र पाल को इसकी भनक लगी। उन्होंने बेंच की जांच की तो गड़बड़ी का अंदाजा लगा। इसकी शिकायत तुरंत विधायक को दी गई। एक अनुमान लगाया गया कि एक बेंच में 15 से 20 किलो तक रेत भरा हुआ है। भंडा फूटते ही निगम अफसरों ने मौके पर ही एजेंसी पर पूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एफआईआर समेत रिकवरी को लेकर भी पुलिस और एजेंसी के पत्राचार कर दिया गया।
जांच में सामने आया कि एक बेंच 90 किलो का होना चाहिए था। इसमें करीब 20 किलो रेत है। इसलिए एक बेंच से 20 किलो लोहे का वजन कम हुआ। जिसकी मार्केट वैल्यू करीब 75 रुपये आंकी जाए तो एक बेंच में 1500 रुपये का चूना लगाया गया। इस हिसाब से 387 बेंच में निगम को करीब 5.80 लाख रुपये का चूना लगाने की तैयारी की गई थी।
वर्जन-
एफआईआर करवाएंगे दर्ज : निगम
मामले का मौके पर खुलासा हुआ। बैंच की पाइप से रेत निकली। इस पर एजेंसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने, रिकवरी करने, एजेंसी ब्लैकलिस्ट करने समेत एजेंसी के भुगतान को रोकने के आदेश जारी किए हैं।
- नरेंद्र पाल मलिक, अतिरिक्त आयुक्त, नगर निगम
वर्जन-
स्थानीय लोगों की वजह से पकड़ा गोलमाल : विज
मामले की सूचना तीन दिन पहले मिली थी। चंडीगढ़ व्यस्त था। आते ही मौके पर अधिकारियों के साथ बैंचों की जांच करवाई। जिसमें पूरा मामला साफ हो गया। इस प्रकार के घोटालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एजेंसी पर सख्त से सख्त कार्रवाई करवाई जाएगी। पूरा गोलमाल स्थानीय लोगों और पार्क आरडब्ल्यूए की वजह से सामने आया है।
- प्रमोद विज, विधायक, शहरी विधानसभा।