पानीपत। प्री मानसून की तैयारियों को लेकर एलएंडटी ने बुधवार से जीटी रोड पर नालों की सफाई शुरू करवा दी है। इस बार जीटी रोड पर भूमिगत नालों की भी सफाई कराई जाएगी। जीटी रोड पर टोल प्लाजा से लेकर नांगल खेड़ी तक कई जगह भूमिगत नालों की पिछले 14 साल से सफाई नहीं हो पाई थी। अबकी बार प्लान में इनकी सफाई को भी शामिल किया गया है। वहीं जीटी रोड पर नगर निगम के जिला नागरिक अस्पताल से लेकर विधायक कार्यालय तक नगर निगम का भी एक नाला है। फिलहाल इसकी सफाई को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
पिछले साल भी दोनों ओर के खुले नालों की सफाई खुद डीसी और शहरी विधायक ने मौके पर खड़े होकर एलएंडटी से कराई थी। इस बार फिर से रोड सेफ्टी की बैठक में डीसी ने एलएंडटी, नगर निगम और एनएचएआई को नालों की सफाई का अल्टीमेटम दिया है। अगले सप्ताह डीसी इन नालों की सफाई को लेकर फ्लड इंस्पेक्शन करेंगे। इसे लेकर एलएंडटी और निगम नालों की सफाई के काम पर जुट गए हैं। निगम अधिकारियों का कहना है कि एलएंडटी के नालों में सबसे ज्यादा सील्ट भूमिगत नालों में जमी है। जो निकासी को बाधित करती हैं। इसकी सालों से सफाई नहीं हो पाई है। जिसका खामियाजा नगर निगम के साथ शहर के लोगों को भुगतना पड़ता है। जीटी रोड पर होटल गोल्ड से लेकर चंडीगढ़ की ओर से टोल तक बात करें तो गोहाना रोड, संजय चौक, संजय चौक पालीवाल हाउस से लेकर एसबीआई बैंक, रेलवे रोड, असंध रोड चौक, आर्य कॉलेज से लेकर विश्राम गृह, आगे कई जगह कॉलोनियों और सेक्टरों के कट पर भी एलएंडटी के नाले भूमिगत हैं।
दूसरी ओर टोल प्लाजा से लेकर दिल्ली की ओर जीटी रोड पर सेक्टर 13-17, 18, बरसत रोड, तहसील कैंप, पुराना बस स्टैंड, लाल बत्ती, पालिका बाजार, एसडी कॉलेज से लेकर संजय चौक, सेक्टर 11-12 कट तक नाले भूमिगत हैं। जिनकी सफाई नहीं हो पाई है। दूसरी ओर बाकी जगह एलएंडटी की ओर से नाले खुले छोड़े गए हैं। इन पर स्लैब ढके हुए हैं। इनके अलावा पिछली बार जीटी रोड पर डीसी के सख्त आदेशों के बाद ही गीता मंदिर रोड के सामने सालों से बंद नालों को खुलवाया गया था। जिसकी वजह से यहां सालों से निकासी तक नहीं हो पाई थी।
एलएंडटी अधिकारियों का कहना है कि एलएंडटी के नालों में निगम के नाले जोड़ दिए गए हैं। एलएंडटी ने जिस क्षमता के नाले बनाए थे अब उनमें निगम का पानी आने से उनकी क्षमता ओवरलोड हो जाती है। जिससे ओवरफ्लाे होकर कई बार जलभराव भी हो जाता है। इस पर निगम अधिकारियों का कहना है कि इन नालों में साथ के नालों को जोड़ने का नियम है। अधिकारी इसे लेकर रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। जो आयुक्त को सौंपी जाएगी।
वर्जन:
नगर निगम ने अपने नालों की सफाई का काम शुरू करवा दिया है। कॉलोनियों के मुख्य नालों से लेकर ड्रेन तक की सफाई कराई जा रही है। शहर की निकासी बाधित नहीं होने दी जाएगी। एलएंडटी के नालों में निगम के नालों की निकासी को लेकर रिपोर्ट बनाई जा रही है। जिसे आयुक्त को सौंपा जाएगा।
अर्पित बुधवार, एसडीओ, नगर निगम।