बराड़ा पहुंची शहीदी यात्रा का स्वागत करते स्थानीय निवासी व प्रबंधक। संवाद
बराड़ा। श्री गुरु तेग बहादुर जी की 350 वीं शहीदी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में निकाली जा रही ऐतिहासिक शहीदी यात्रा (नगर कीर्तन) शनिवार को मुलाना क्षेत्र से होते हुए श्री गुरु तेग बहादुर साहिब गुरुद्वारा में पहुंचा। यहां पहुंचने पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों, एचएसजीएमसी के सदस्यों, प्रधान व श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर पवित्र नगर कीर्तन का भावपूर्ण स्वागत किया। इस अवसर पर समूह संगत ने माथा टेककर आशीर्वाद भी प्राप्त किया। इस दौरान पंज प्यारों तथा यात्रा के साथ चल रहे कमेटी के सदस्यों को गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने सिरोपे देकर उनका श्रद्धापूर्वक सम्मान भी किया। इससे पहले ऐतिहासिक शहीदी यात्रा (नगर कीर्तन) के दौरान गतका प्रदर्शन भी किया गया। 23 नवंबर को यह यात्रा गुरुद्वारा श्री तेग बहादुर साहिब से प्रारंभ होकर गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब मार्कण्डेय शाहबाद में पहुंचेगी और यहां रात्रि विश्राम होगा। पूर्व विधायिका संतोष चौहान सारवान रविवार को नगर कीर्तन में शामिल होंगी। इस अवसर पर एचएसजीएमसी के सदस्य राजेन्द्र सिंह, हरपाल सिंह बराड़ा, नगरपालिका चेयरमैन रजत मलिक, पार्षद गुरजिंदर कौर, परमजीत सिंह बराड़ा, अमरेंदर सिंह रोबिन आदि मौजूद रहे।