सनौली। यमुना नदी का जल स्तर में हुई बढोत्तरी, चेतावनी स्तर के नजदीक बहती यमुना ।
- फोटो : Panipat
पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा के चलते हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में 287827 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे यमुना का जलस्तर बढ़ता जा रहा है। इसके कारण यमुना नदी चेतावनी बिंदु से करीब डेढ़ मीटर नीचे बह रही है। इससे एक बार फिर खादर के किसानों की चिंता बढ़ती नजर आ रही है। वहीं, जिला प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को अलर्ट रहने एवं निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मानसूनी वर्षा के चलते हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में निरंतर पानी छोड़ा जा रहा है। पिछले तीन दिनों तक यमुना नदी का जलस्तर बढ़ता जा रहा था, जिस कारण यमुना पुल के निकट कटाव होने से घाट पर स्थित मंदिर में पानी घुस गया था। इसी बीच बैराज पर पानी का दबाव कम होने के कारण जलस्तर घट गया।
शुक्रवार को हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में 37457 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किए जाने के साथ ही ब्रिज पर सूचकांक पर जलस्तर 229.68 मीटर पर रिकॉर्ड किया गया था। यमुना में छोड़े गए पानी के शनिवार को सनौली यमुना नदी तक पहुंचने पर जलस्तर बढ़ गया। इसके बाद दोपहर बाद 4 बजे जलस्तर 229. 80 मीटर पर पहुंच गया।
यहां से चेतावनी बिंदु 231 मीटर और खतरे का बिंदु 231.500 मीटर पर है। वहीं, यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण एक बार फिर से खादर के किसानों की चिंता बढ़ती नजर आ रही है। हालांकि, क्षेत्र में नुकसान की कोई सूचना नहीं है। क्षेत्र में बाढ़ चौकियों को अलर्ट रहने के साथ ही कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
ड्रेनेज विभाग के अभियंता आशु कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह आठ बजे यमुना नदी में 26828 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है। अगले 24 घंटे के अंदर पानी के सनौली यमुना तक पहुंचने की संभावना है। इससे किसानों और ग्रामीणों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।