पानीपत। अमृत योजना के तहत करीब दो साल पहले वार्ड 26 की कई काॅलोनियों की 40 से ज्यादा पक्की गलियों को उखाड़ा गया था। जो आज तक दोबारा नहीं बनाई जा सकी। इससे वार्ड के करीब 50 हजार लोग पिछले दो साल से परेशान हैं। लोगों की परेशानी देखते हुए वार्ड पार्षद विजय जैन ने शनिवार को आयुक्त राहुल नरवाल को बुला कर वार्ड के देव नगर, हरिनगर समेत सेक्टर 6 के एरिया का भी दौरा कराया।
इस दौरान आयुक्त के सामने स्थानीय लोगों ने जमकर भड़ास निकाली। अधूरे विकास कार्याें की चर्चा करते हुए मौके पर थोड़ी गहमागहमी भी हुई। पार्षद विजय जैन ने आयुक्त से ठेकेदार की पेमेंट रोकने की मांग की। उन्होंने कहा कि ठेकेदार उखाड़ी गई सड़कों की टाइलों तक को ले गया है।
इस पर आयुक्त राहुल नरवाल ने कहा कि वे लिखकर शिकायत दें, इस पर वे तुंरत प्रभाव से कार्रवाई करते हुए ठेकेदार की पेमेंट रोक देंगे। जब तक काम पूरा नहीं होगा भुगतान नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे लोगाें की मजबूरी और परेशानी समझते हैं। इसलिए यहां मौका देखने आए हैं। महज 15 दिन में ही इन सड़कों का काम शुरू करवा दिया जाएगा।
पार्षद विजय जैन ने भी अल्टीमेटम देकर कहा कि अगर 15 दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो वे 16वें दिन निगम कार्यालय के बाहर लोगों के साथ धरना देंगे। इस अवसर पर ब्राह्मण सभा के पूर्व अध्यक्ष पंडित ओम प्रकाश शर्मा, अनूप शर्मा, अमित शर्मा उपमन्यु, बलदेव अरोड़ा, हनुमान, शिवकुमार शर्मा, विक्रम शर्मा ,पार्वती देवी, नीलम रानी, सुनीता, बबली, रमेश मौर्या एडवोकेट, मनोज सरोहा, जयप्रकाश त्यागी आदि लोग उपस्थित रहे।