पानीपत। डाबर कॉलोनी स्थित एक निजी स्कूल के प्रधानाचार्य और अध्यापिका ने छात्र को बुरी तरह पीट दिया। आरोप है कि प्रधानाचार्य ने छात्र के मुंह पर डंडा मारा, जिससे उसका दांत टूट गया। उसके हाथ और पैरों पर भी डंडे मारे गए। छात्र का कसूर यह था कि उसने एक छात्रा से उसकी मेहंदी दिखाने को बोला था। छात्र की मां ने आरोपी प्रधानाचार्य एवं टीचर के खिलाफ किला थाने में पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
डाबर कॉलोनी निवासी छठी कक्षा के छात्र वंश ने बताया कि वह हनुमान कॉलोनी स्थित एक स्कूल में पढ़ता है। मंगलवार 11 बजे ब्रेक में वह दोस्तों के साथ सीढ़ियों पर बैठा था। इसी वक्त उसके नौवीं कक्षा के दोस्त की बहन वहां से गुजर रही थी। उसने दोस्त की बहन से बोला कि अपनी मेहंदी दिखाना। इसी वक्त यहां से अंग्रेजी की अध्यापिका गुजर रहीं थी। अध्यापिका ने उसको थप्पड़ मारे और प्रधानाचार्य के पास ले गईं। प्रधानाचार्य ने उसकी एक न सुनी और डंडों से मारना शुरू कर दिया। उसे मुंह पर डंडा मारा। उसका एक दांत टूट गया। उसको हाथ और पैरों पर बुरी तरह मारे। दोपहर डेढ़ बजे उसके दोस्त उसे घर छोड़कर आए। उसकी मां सोनिया ने बताया कि जब उसने प्रधानाचार्य को कॉल किया तो उन्होंने कहा कि ऐसे ही मारेंगे। फिर बेटे का मेडिकल कराकर इसकी शिकायत पुलिस को दी। किला थाना प्रभारी जाकिर हुसैन ने बताया कि केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।