इसराना। सीआईए वन पुलिस ने बिजावा रोड पर ई-रिक्शा चालक से मोबाइल छीनने की वारदात में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव कैथ निवासी विजय पुत्र रामकरण के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे शाहपुर के ज्वाहरा गांव मोड़ से पकड़ा। सीआईए वन प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि मंगलवार शाम गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक किसी वारदात की फिराक में घूम रहा है। टीम ने तुरंत मौके पर कार्रवाई करते हुए युवक को काबू किया। पूछताछ में विजय ने 21 जून को अपने फरार साथी के साथ मिलकर ई-रिक्शा चालक से मोबाइल और चाबी छीनने की बात स्वीकार की। इस मामले में जोगिंद्र निवासी इसराना ने शिकायत दर्ज करवाई थी। पूछताछ में विजय ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए उसने यह वारदात की। पुलिस ने आरोपी से छीना गया मोबाइल बरामद कर लिया है और उसे बुधवार को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। संवाद