पानीपत। पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने शुक्रवार को यूपी निवासी श्रमिक मोनीश के शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। आरोपी हरेंद्र की तलाश में थाना के साथ सीआईए वन की टीम भी लगी है। उसका अब तक पुलिस के हाथ नहीं लग पाया है। विदित है कि गंगाराम कॉलोनी में कमरे पर बुधवार रात शराब पार्टी के दौरान गांव गहोरा, जिला हरदोई यूपी निवासी मोनीश की दोस्त हरेंदर ने गला दबा ईंट से वार कर हत्या कर दी थी। वीरवार को दोनों ड्यूटी पर नहीं आए तो फैक्ट्री मालिक मास्टर आजाद ने फोन किए, किसी ने भी कॉल रिसीव नहीं की तो वो उनके कमरे पर पहुंचा। जहां मोनीश का शव मिला था। उसके सिर पर चोट का निशान था। मामले में पुलिस ने ताऊ के बेटे संजय के बयान पर फरार दोस्त हरेंद्र के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल स्थित शवगृह में रखवा दिया था। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि मोनीश के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद चलेगा। आरोपी की तलाश की जा रही है।