पानीपत। यमुना एंक्लेव कट के पास चार बदमाशों ने एक प्रवासी के कान पर चाकू से हमला कर 9500 रुपये लूट लिए। श्रमिक ने पूरे माह मेहनत कर घर भेजने के लिए रकम जोड़ी थी। श्रमिक ने घायलावस्था में इलाज कराने सिविल अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने पुलिस को वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर 13-17 थाना पुलिस को दी शिकायत में सैनी कॉलोनी निवासी मिथुन पासवान ने बताया कि वह मूलरूप से बिहार का रहने वाला है। एक फैक्टरी में काम करता है। घर भेजने के लिए 9500 रुपये जमा किए थे। सोमवार रात को वह फैक्टरी से काम कर अपने कमरे पर लौट रहा था। रास्ते में यमुना एंक्लेव कट के पास उसे दो बाइक पर सवार चार युवक मिले। उन्होंने रास्ता रोक लिया और गालीगलौज करने लगे। एक बदमाश ने उसकी जेब से मोबाइल निकाल लिया। इसी वक्त वहां एक युवक आ गया। जिस पर बदमाशों ने उसे छोड़ दिया। फिर वह मौके से भागकर सेक्टर-6 फाटक के पास एक किलोमीटर दूर पहुंचा, जहां पीछा करते हुए चारों बदमाश पहुंच गए। उस पर चाकू से हमला कर 9500 रुपये और मोबाइल लूट कर फरार हो गए।