पानीपत। श्री सनातन धर्म रामलीला सभा मॉडल टाउन द्वारा शिवाजी स्टेडियम में आयोजित दशहरा में रावण का पुतला करीब 65 फीट लंबा होगा। इनके साथ मेघनाथ व कुंभकरण के पुतलों की लंबाई 60-60 फीट होगी। पुतलों की सुरक्षा तीन घेरे में होगी। इनका दहन सायं 5:51 बजे किया जाएगा।
श्री सनातन धर्म रामलीला सभा मॉडल टाउन के प्रधान तरुण गांधी ने बताया कि 12 अक्टूबर को दशहरा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस बार रावण मेघनाद और कुंभकरण के पुतले आकर्षण का केंद्र रहेंगे। पिछले कई दिनों से पुतले बनाने का काम लगातार जारी है। उत्तर प्रदेश से मुस्लिम कारीगरों को बुलाया गया है। यह सभी कारीगर पुतले बनाने में माहिर हैं और पिछले काफी सालों से पुतले बनाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस बार रावण का पुतला 65 फीट का होगा, जबकि मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों की लंबाई 60-60 फीट होगी।
पुतलों की सुरक्षा के लिए तीन घेरे बनाए गए हैं। जिनमें सेवादार हनुमान सभाएं और झांकियां शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि दशहरा स्थल पर धूल मिट्टी ढकने के लिए पानी का छिड़काव किया जाएगा। किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति के लिए एंबुलेंस तैनात रहेगी।
सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पुतलों के मुंह से आग बरसेगी। इसके साथ ही आतिशबाजी और लाइटिंग की भी व्यवस्था की जाएगी। समारोह स्थल पर भव्य स्टेज बनाई जाएगी। जिस पर 50 परिवारों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी।