एक वकील को अपने ज्ञान का सदुपयोग कर न्याय करना चाहिए : भारद्वाज
गीता इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ में 13वीं नेशनल मूट कोर्ट का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। गीता इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ में शनिवार को दो दिवसीय 13वीं नेशनल मूट कोर्ट प्रतियोगिता शुरू हुई। मुख्यातिथि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस राजेश भारद्वाज रहे। गीता यूनिवर्सिटी के चांसलर एसपी बंसल, प्रो. चांसलर निशांत बंसल, अंकुश बंसल, डीन डॉ. धर्मेंद्र पटियाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में देशभर से 67 टीमों ने हिस्सा लिया।
जस्टिस राजेश भारद्वाज ने 13वीं नेशनल मूट कोर्ट में पहुंचे प्रतिभागियों से कहा कि जीवन में हार-जीत मायने नहीं रखती। बड़ी ही सोच समझ के साथ न्याय करना होता है। आप कोर्ट के बाहर हों या अंदर आपको सिर्फ सच्चाई का साथ देना चाहिए। एक वकील को पूरे जीवन अपने ज्ञान का सदुपयोग करना चाहिए। गरीबों की मदद करनी चाहिए ताकि उन्हें न्याय मिल सके। हमेशा महत्वपूर्ण मुद्दों पर बहस करनी चाहिए। अगर आप सच्चाई और न्याय का साथ देंगे तो आपको कामयाब होने से कोई नहीं रोक सकता। इस मौके पर बार काउंसिल ऑफ पंजाब और हरियाणा अजय चौधरी, सेशन जज एसके शर्मा, संदीप चौहान, अमित शर्मा, सह सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजेश सोनी और प्राचार्य डॉ. सुभाष मित्तल उपस्थित रहे।