पानीपत। कॉलेजों में दाखिले के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। विद्यार्थी 30 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। लेकिन पंजीकरण करवा चुके विद्यार्थियों का पहली मेरिट सूची का इंतजार दो दिन बढ़ गया है। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने कॉलेजों में दाखिले के लिए जारी शेड्यूल में बदलाव किया है। अब कॉलेजों में दाखिले के लिए पहली प्रोविजनल मेरिट सूची दो की बजाय चार जुलाई को जारी होगी। विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन में हुई त्रुटि को ओटीपी बेस पर एक जुुलाई तक ठीक कर सकेंगे जबकि दस्तावेजों की जांच दो जुलाई तक होगी। चार जुलाई को पहली प्रोविजनल तथा पांच जुलाई को पहली फाइनल मेरिट सूची जारी होगी। विद्यार्थी 5-9 जुलाई तक फीस जमा करवाकर अपना दाखिला सुनिश्चित कर सकेंगे। निदेशालय की ओर से शुक्रवार को जारी रि-शेड्यूल के अनुसार कॉलेजों में दाखिले का दौर शुरू होगा। वहीं, दूसरे दौर की काउंसलिंग के बाद कक्षाएं शुरू होंगी।
बॉक्स
इस प्रकार रहेगा कॉलेजों में दाखिले का रि-शेड्यूल
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया - तीन जून से 30 जून तक।
कॉलेजों द्वारा दस्तावेजों का ऑनलाइन सत्यापन - पांच जून से 02 जुलाई तक।
पहले चरण की काउंसलिंग
पहली प्रोविजनल मेरिट सूची जारी - 04 जुलाई।
पहली फाइनल मेरिट सूची जारी - 05 जुलाई।
फीस जमा करवाने की तिथि - 05 से 09 जुलाई।
दूसरे चरण की काउंसलिंग
दूसरी प्रोविजनल मेरिट सूची जारी - 10 जुलाई।
दूसरी फाइनल मेरिट सूची जारी - 11 जुलाई।
फीस जमा करवाने की तिथि - 11 से 13 जुलाई।
तीसरे चरण की काउंसलिंग
पहली व दूसरी काउंसलिंग में वंचित आवेदकों की फिजिकल काउंसलिंग - 16 जुलाई।
पंजीकरण हेतु दाखिला पोर्टल रि-ओपन - 17 जुलाई।
100 रुपये विलंब शुल्क सहित फिजिकल काउंसलिंग - 17 से 23 जुलाई।
100 रुपये प्रतिदिन विलंब शुल्क सहित फिजिकल काउंसलिंग - 24 से 30 जुलाई।
-
पोर्टल पर पंजीकरण के बिना नहीं मिलेगा प्रवेश
प्रवेश चाहने वालों के लिए ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। किसी भी स्थिति में पोर्टल पर पंजीकरण के बिना प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। हरियाणा के छात्रों के लिए डिग्री कॉलेजों में प्रवेश लेने के लिए परिवार पहचान पत्र अनिवार्य रहेगा। पारिवारिक आय को पीपीपी से सत्यापित आय से लिया जाएगा।
-
पंजीकरण के दो दिन शेष, 131733 विद्यार्थी करवा चुके पंजीकरण
कॉलेजों में स्नातक कक्षाओं के दाखिलों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि ज्यों-ज्यों नजदीक आ रही है, आवेदकों की पंजीकरण को लेकर बेचैनी भी बढ़ती जा रही है। आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के कुल 344 कॉलेजों में 85 कोर्सेस के लिए करीब 2.30 सीटों पर शुक्रवार शाम आठ बजे तक 131733 विद्यार्थी पंजीकरण करवा चुके हैं, जबकि 118589 विद्यार्थियों के आवेदन पूर्ण हो चुके है। शुक्रवार को 2234 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया जबकि 3218 विद्यार्थियों के आवेदन पूर्ण किए गए। वहीं, 111223 आवेदन सत्यापित किए जा चुके हैं। आवेदन के लिए अब मात्र दो दिन शेष हैं। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे जल्दी से अपना आवेदन पूर्ण करें। विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन कर दाखिले की दौड़ में शामिल हो सकते हैं।
-
वर्जन-
कॉलेजों में दाखिले के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 30 जून को संपन्न होगी। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने दाखिले का रि-शेड्यूल जारी कर दिया है। अब जारी रि-शेड्यूल अनुसार कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। कॉलेज में विद्यार्थियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए गए है।
- डॉ. अनुपम अरोड़ा, प्राचार्य, एसडी पीजी महाविद्यालय, पानीपत।
-