माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। सीआईए एक की टीम ने सोमवार को नशा तस्कर को पकड़ने के लिए उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के गांव मंडावर में दबिश दी। पुलिस अपने साथ दूसरे मादक पदार्थ तस्कर को लेकर गई थी। उसकी निशानदेही पर ही मुख्य तस्कर को पकड़ना था। मुख्य तस्कर को कॉल कर स्मैक देने के लिए बुलाया गया। वो खुद स्मैक देने आने की बजाय दूसरे साथी को स्मैक देकर भेज दिया। यहां कुछ युवकों ने पहुंचकर उसको पुलिस की हिरासत से छुड़ा लिया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत से छुड़ाने वाले युवक को ही हिरासत में ले लिया। इसके बाद परिजनों ने खुद मुख्य तस्कर को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस आरोपी को पानीपत ले आई है। उसे मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। सीआईए एक की टीम ने करनाल के युवक को मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था। करनाल के युवक ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह स्मैक उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के गांव मंडावर निवासी शौकीन से खरीदकर लाया था।
सीआईए वन की टीम करनाल के युवक की निशानदेही पर आरोपी शौकीन को पकड़ने के लिए गांव मंडावर पहुंच गई। इससे पहले सीआईए ने उत्तर प्रदेश की एक टीम को भी साथ लिया था। पुलिस ने करनाल के आरोपी युवक से शौकीन के पास कॉल कराई और स्मैक मंगवाई। शौकीन को शक हो गया उसने खुद आने की बजाय किसी दूसरे युवक को स्मैक देकर भेज दिया।
पुलिस ने उस युवक को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस की कार्रवाई की सूचना मिलते ही यहां कुछ युवक पहुंच गए। इन्होंने पुलिस की गिरफ्त से उस युवक को छुड़ा लिया। पुलिस ने आरोपी को छुड़ाने वाले एक युवक को हिरासत में लिया। आरोपी शौकीन इसकी भनक लगते ही फरार हो गया।
जब इस बात की भनक आरोपी शौकीन के परिजनों को लगी तो वो खुद शौकीन को पकड़कर बिजनौर पुलिस थाना ले गए। यहां से पुलिस ने शौकीन को हिरासत में ले लिया। उस पर केस दर्ज कर लिया गया है। उसको मंगलवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
बिजनौर पुलिस थाना प्रभारी विरेंद्र सिंह कसाना ने बताया कि पानीपत सीआईए वन की टीम मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में मंडावर गांव निवासी शौकीन को अपने साथ ले गई है। उनसे यहां पुलिस सहायता मांगी गई थी। उन्होंने उपलब्ध करवा दिया था।