इसराना। डाहर गांव स्थित प्रदेश की सबसे बड़ी शुगर मिल के वर्ष 2022-23 के पेराई सत्र का शुभारंभ मंगलवार को सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने किया। इससे पहले विधिवत हवन कर पूजन किया गया। इसके बाद मिल को चालू किया गया। इस दौरान मंत्री ने किसानों और शुगर मिल प्रबंधन से कहा कि सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए दृढ़ संकल्पित है। शुगर मिल की क्षमता बढ़ने से क्षेत्र के किसानों को बड़ा लाभ होगा। अब किसानों को अपना गन्ना बेचने के लिए अन्य स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा। किसानों को समय पर भुगतान किया जाएगा।
कार्यक्रम में किसान वीरेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, धर्मवीर सिंह, नरेश और ड्राइवर हरवीर को सहकारिता मंत्री ने सम्मानित भी किया। गांव डाहर स्थित शुगर मिल प्रदेश की सबसे बड़ी मिल है। इसकी गन्ना पिराई की क्षमता 50 हजार क्विंटल प्रतिदिन की है। इस बार मिल प्रबंधन ने सीजन में करीब 68 लाख क्विंटल गन्ना पिराई का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके अलावा मिल की ओर से रोजाना सात मेगावाट बिजली का उत्पादन भी किया जाएगा। इस मौके पर करनाल लोकसभा सांसद संजय भाटिया, ग्रामीण विधायक महीपाल ढांडा के भाई हरपाल ढांडा, उपायुक्त सुशील सारवान समेत शुगर मिल एमडी नवदीप सिंह मौजूद रहे।
सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने इस मौके पर कहा कि शुगर मिल और किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए ही एथनॉल प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। शाहाबाद की मिल में एथनॉल प्लांट शुरू हो चुका है। पानीपत की मिल में भी जल्दी ही एथनॉल प्लांट शुरू हो जाएगा। सभी मिलों में एथनॉल बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे मिलों की आमदनी बढ़ेगी। इससे किसानों को समय पर गन्ने का भुगतान हो सकेगा।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि अच्छी रिकवरी के लिए मिल प्रबंधन को ध्यान देना होगा। किसान भी गन्ने की फसल को साफ करके लेकर आएं ताकि रिकवरी अच्छी हो सके। हरियाणा में 16 फसलों समर्थन मूल्य पर खरीद की जा रही है। भावांतर भरपाई योजना से किसानों को लाभ मिल रहा है। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। नौकरियों में पारदर्शिता के लिए भी सरकार दृढ़ संकल्पित है। आयुष्मान भारत योजना में 27 लाख परिवारों को शामिल किया जाएगा। परिवार पहचान पत्र योजना के तहत सभी वर्गों के गरीबों को लाभ देने का काम सरकार कर रही है।
सांसद संजय भाटिया ने कहा कि सहकारिता हम सबका साझा काम है। यह एक ऐतिहासिक मिल है। सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को आपस में संवाद रखकर इस मिल को चलाने का काम करना होगा। उन्होंने डाहर गांव के विकास के लिए भी मिल प्रबंधन से सहयोग देने की अपील की। जजपा नेता देवेंद्र कादियान और समाजसेवी हरपाल ढांडा ने शुगर मिल की सौगात देने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। एमडी शुगरफेड कैप्टन मनोज कुमार ने सभी का स्वागत किया।