पानीपत। नगर निगम ने वित्त वर्ष के अंतिम दिनों में प्रॉपर्टी टैक्स शाखा और कैश काउंटर हर रोज सुचारु रखने का फैसला लिया है। रविवार को छोड़ प्रत्येक अवकाश पर कार्यालय खुलेगा। इन दिनों में प्रॉपर्टी टैक्स को ठीक कर बिल जमा किए जाएंगे। नगर निगम के सहायक आयुक्त विवेक चौधरी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के पांच दिन बाकी हैं। निदेशालय द्वारा भी संपत्ति कर रिकवरी के लिए 31 मार्च का अंतिम दिन है। इन दिनों अधिक से अधिक रिकवरी का लक्ष्य रखा है। संपत्ति कर बिल वितरण के लिए एक कंपनी को अधिकृत किया गया है। इनके बिल वितरण के कार्य का मिलान किया जाना है। साथ शाखा में आमजन के माध्यम से प्राप्त आवेदनों व शिकायतों का समय पर निपटान किया जाना है। इन सबको देखते हुए वीरवार से 31 मार्च तक हर रोज निगम का संपत्ति कर शाखा और कैश काउंटर पर सामान्य दिनों की तरह काम किया जाएगा।