पानीपत। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में एक बार फिर से गेहूं का बड़ा गोलमाल सामने आया है। इस बार एक हजार क्विंटल गेहूं को खुर्द बुर्द करने का प्रयास किया गया है। ठेकेदार ने ये गेहूं गोदाम से तो उठवा लिया लेकिन डिपो तक नहीं पहुंचाया। मामला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर तक पहुंचा। इंस्पेक्टर ने छानबीन कर मामले की रिपोर्ट खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को दी। अब डीएफएसई ने कार्रवाई करते हुए ठेकेदार से इसका लिखित जवाब मांगा है।
बताया जा रहा है कि बाबरपुर एरिया के 12 डिपो के नाम पर तीन दिन पहले गोदाम से उठाया गया करीब एक हजार क्विंटल गेहूं अब तक डिपो तक नहीं पहुंचा। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक नीतू सिंह ने बताया कि एरिया इंस्पेक्टर ने करीब एक हजार क्विंटल गेहूं सप्लाई डिपो तक न पहुंचने की बात बताई। पड़ताल में सामने आया कि गेहूं तो गोदाम से निकल चुका है लेकिन जहां वितरित किया जाना था उन 12 डिपो पर नहीं पहुंचा। इस पर ठेकेदार से जवाब मांगा है। अगर राशन नहीं पहुंचता तो ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।