पानीपत। जीटी रोड पर सिवाह गांव के नजदीक करनाल के गढ़ी गुजरान गांव निवासी एक दंपती के साथ कर मारपीट उनकी गाड़ी छीन ली गई। सेक्टर-29 थाना पुलिस ने इसमें मुकदमा दर्ज कर लिया है। करनाल के गढ़ी गुजरान निवासी जितेंद्र ने सेक्टर-29 थाना पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि वह शुक्रवार को अपनी पत्नी निशा के साथ गाड़ी में दिल्ली से अपने गांव लौट रहा था। रात करीब साढ़े 11 बजे सिवाह के नजदीक स्थित आईजी पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे तो पीछे से आ रही आई-20 गाड़ी के चालक ने तेज गति से चलाने के बाद अपनी गाड़ी को उनकी गाड़ी के सामने अड़ा दिया। उन्होंने जैसे ही गाड़ी रोकी तो आगे खड़ी गाड़ी से पांच युवक उतरकर बाहर आए और उनके साथ मारपीट करने लगे। वे उनको नीचे उतारकर उनकी गाड़ी छीनकर ले गए। उनकी गाड़ी में एक आइफोन, एक मोबाइल, 10 हजार की नकदी व गाड़ी के कागजात थे। उसने डायल 112 पर इसकी सूचना दी। थाना औद्योगिक सेक्टर-29 प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि जितेंद्र के बयान पर पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी की फुटेज देख रही है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।