पानीपत। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को जिला नागरिक अस्पताल में दिव्यांग प्रमाणपत्र शिविर लगाया गया। बोर्ड में शामिल चिकित्सकों ने लोगों की जांच कर 32 के प्रमाणपत्र बनाए। इस दौरान दिव्यांगों को व्हील चेयर उपलब्ध कराई गई। सामान्य ओपीडी के दौरान जांच के चलते दिव्यांगों को कुछ परेशानी उठानी पड़ी। जिला नागरिक अस्पताल में साप्ताहिक शिविर बुधवार को लगाया गया। डिप्टी सीएमओ डाॅ. बिजेंद्र हुड्डा ने बताया कि शिविर में सुबह नौ बजे ही लोग पहुंचना शुरू हो गए थे। बोर्ड में शामिल चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। बोर्ड ने 32 लोगों के दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाए। हनुमान कॉलोनी के राजेश ने बताया कि उनके पैर में दिक्कत है। वह सुबह ही प्रमाणपत्र बनवाने आया था। अब ओपीडी में लाइन में लगे हुए हैं। बोर्ड को ओपीडी की बजाय एक जगह बैठकर जांच करनी चाहिए। इससे दिव्यांगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।