समालखा। समालखा में पंजाब नेशनल बैंक में सेल्समैन का बैग ब्लेड से काटकर 50 हजार रुपये चोरी कर लिए। सेल्समैन यह राशि कंपनी में जमा कराने आया था। सेल्समैन ने इस वारदात को अंजाम देने का शक दो महिलाओं पर जाहिर किया है। सेल्समैन ने इसकी शिकायत समालखा थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
झट्टीपुर गांव निवासी वकील ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में सेल्समैन का काम करता है। वह पिछले 12 साल से कंपनी में काम कर रहा है। एक अक्टूबर की सुबह किसी पार्टी ने उसे 50 हजार रुपये दिए थे।वह उक्त राशि को जमा करवाने के लिए दोपहर करीब एक बजे समालखा स्थित पीएनबी पहुंचा। जहां देखा कि महिलाओं को पेंशन दी जा रही थी। काफी महिलाएं वहां आई हुई थी। जिस बेंच पर वह बैठा था, वहीं पास में दो महिलाएं आकर बैठ गई। जिनमें से एक महिला ने ब्लेड से उसका बैग काट दिया। इसके बाद बैग से 50 हजार रुपये चुरा कर वह वहां से चली गई। जब वह लाइन में लग कर रुपये जमा करवाने आगे पहुंचा तो उसे चोरी का पता लगा। उसकी पुलिस से मांग है कि जल्द महिलाओं को गिरफ्तार कर उसकी राशि बरामद कराई जाए।