पानीपत। एंटी व्हीकल थेप्ट पुलिस की टीम ने घर से मोबाइल चोरी के मामले में एक आरोपी को जेल से प्रोडक्शन वारंट लाकर न्यायालय में पेश किया। जहां से आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। एंटी व्हीकल थेप्ट प्रभारी रोहताश ने बताया कि थाना चांदनी बाग में विद्यानंद कॉलोनी निवासी एक युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 26 जुलाई की रात वह घर पर मोबाइल रखकर सो गई थी। सुबह उठकर देखा उसका मोबाइल फोन नहीं मिला। रात को अज्ञात चोर घर में घुसकर मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। थाना चांदनी बाग में युवती की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की पहचान व धरपकड़ शुरू कर दी थी। उन्होंने बताया कि एंटी व्हीकल थेप्ट पुलिस टीम ने सेक्टर-24 में निर्माणाधीन मकान से बिजली की तार व अन्य सामान चोरी मामले में बीती तीन जुलाई को विद्यानंद कॉलोनी निवासी दो आरोपियों साइम व दानिश को गिरफ्तार किया था। आरोपी साइम से पूछताछ में मोबाइल चोरी की उक्त वारदात का भी खुलासा हुआ था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया था। पुलिस ने आरोपी साइम को अब प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। उससे मोबाइल बरामद कर लिया है। संवाद