पानीपत। सोनीपत के सनपेड़ा के रहने वाले एक व्यक्ति से उसके दो बेटों को रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर दिल्ली के एक आरोपी ने 15 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों की डील पानीपत के एक होटल पर हुई थी। जहां पर आरोपी ने दोनों बेटों से फार्म पर हस्ताक्षर कराए और रुपयों का लेन देन हुआ। कई साल बीत जाने के बाद भी आरोपी ने न बेटों को नौकरी लगवाया और न ही रुपये वापस किए। इसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकयत सेक्टर 13-17 थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोनीपत के सनपेड़ा निवासी किसान कृष्ण कुमार ने बताया कि उसके दो बेटे अंकुश व अंकित हैं। उसकी पहचान किसी व्यक्ति ने नई दिल्ली के न्यू बसंत नगर निवासी सुधीर कुमार से कराई थी। वर्ष 2018 में सुधीर ने खुद को उत्तर रेलवे में बड़े पद पर कार्यरत बताकर कहा कि वह दोनों बेटों की रेलवे में नौकरी लगवा देगा। इसके लिए उसने 20 लाख रुपये की मांग की। उसने एक साथ इतनी रकम देने में असमर्थता जताई तो आरोपी ने उसे पानीपत में हन्नू स्वीट्स जीटी रोड पानीपत पर बुलाया। वहां दोनों बेटों से कुछ फार्म भरवाए और 10 लाख रुपये ले लिए। कुछ समय बाद आरोपी का फोन आया कि दोनों लड़कों का मेडिकल फार्म भरा जाना है। उसमें पैसे देने होंगे, जिस पर उसने पांच लाख रुपये वर्ष 2019 में फिर से हन्नु स्वीट्स पर दिए। जहां आरोपी ने कहा कि मेडिकल होने के बाद दोनों के ज्वाइनिंग लेटर आ जाएंगे, लेकिन आज तक ज्वाइनिंग लेटर नहीं आया।
सुधीर ने बताया कि उसने आरोपी से मिलकर बेटों को नौकरी लगवाने के बारे में पूछा तो वह टालमटोल करता रहा। जांच कराई तो पता चला कि आरोपी बदमाश किस्म का है। उसने अपना रेलवे का फर्जी पहचान पत्र और विजिटिंग कार्ड छपवा रखे थे। उन्होंने आरोपी से पैसों की मांग की तो पैसे देने से मना करते हुए जान तक से मारने की धमकी दी।
सुधीर ने बताया कि आरोपी रेलवे में नौकरी लगवान के नाम पर कई लोगों को ठग चुका है। इसी तरह उसने राजीव कुमार निवासी पंचवटी काॅलोनी को रेलवे से स्क्रैप का टेंडर दिलवाने के नाम पर वर्ष 2021 में 12 लाख रुपये, देवेंद्र निवासी गांव गढ़ी छाजू से उसके भांजे विशाल को रेलवे में नौकरी दिलवाने के नाम पर 3.50 लाख रुपये, राकेश कुमार निवासी गांव जागसी से रेलवे में नौकरी दिलवाने के नाम पर 1.25 लाख, पूजा निवासी गंगाराम काॅलोनी, पानीपत के भाई लिए 1.50 लाख रुपये, सोनू निवासी गांव गढ़ी छाजू से उसके भाई मोनू को नौकरी लगवाने के नाम पर 1.50 लाख, मौसमी निवासी गांव बिधल से भी नौकरी दिलवाने के नाम पर 1.50 लाख रुपये ठग लिए।
पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
- प्रवीन, प्रभारी, सेक्टर 13-17 थाना