माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। सेक्टर-29 में कृष्णा गार्डन के सामने सोमवार शाम को हुए सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन ली। हादसे में सात माह की गर्भवती अंजू और बच्चे की भी मौत हो गई है। पत्नी की मौत की सूचना पर पति अजीत गहरे सदमे में है। अजीत घर में नए सदस्य के आने पर काफी उत्सुक था।
दो माह बाद पत्नी अंजू की डिलीवरी होनी थी। बच्चे के स्वागत के लिए परिवार में तैयारियां भी चल रही थी। इस हादसे ने अजीत के जीवन में एक दर्द भरा अध्याय लिख दिया है जो ताउम्र उसके जहन में रहेगा। सेक्टर 29 थाना पुलिस ने मंगलवार को अंजू के देवर अतुल कुमार तिवारी के बयानों पर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस आरोपी ट्रैक्टर चालक की धरपकड़ में जुटी है।
दिल्ली के अशोक विहार क्षेत्र निवासी अतुल कुमार तिवारी ने पुलिस को दिए अपने बयानों में बताया कि अंजू (32) की जून 2023 को उसके बड़े भाई अजीत के साथ शादी हुई थी। अजीत पानीपत में जेबीएम कंपनी में कार्यरत है। उसकी भाभी अंजू सात माह की गर्भवती थी। अजीत शनिवार को लखनऊ में अपने माता-पिता से मिलने गया था। भाभी अंजू एमेजोन कंपनी में कार्यरत थी। वो भाभी से मिलने के लिए रविवार को उसके सेक्टर 24 स्थित मकान पर आया था।
वह अपनी भाभी अंजू के साथ सोमवार शाम को अपनी एक्टिवा पर सेक्टर 29 स्थित कृष्णा गार्डन के पास जा रहा था। रायल मैसन मैरिज पैलेस के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। अंजू सड़क पर जा गिरी और ट्रैक्टर का पहियां उसके ऊपर से गुजर गया। अंजू की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक यहां ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया ।
सेक्टर 29 थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि परिजनों के बयानों पर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। अज्ञात ट्रैक्टर चालक पर केस दर्ज कर लिया है। ट्रैक्टर को कब्जे में लिया गया है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।