एसडीवीएम सिटी में सीबीएसई क्षमता निर्माण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित शिक्षक।
पानीपत। एसडीवीएम सिटी विद्यालय में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के तत्वावधान में एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय जीवन कौशल रहा, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण एवं व्यावहारिक विकास के लिए वर्तमान शिक्षा प्रणाली का एक महत्वपूर्ण आधार माना जाता है। प्रधानाचार्य डॉ. जयश्री गर्ग ने रिसोर्स पर्सन के रूप में सहभागिता की। उन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में अध्यापिकाओं को बताया कि आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता, सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन, समस्या समाधान और भावनात्मक संतुलन जैसे जीवन कौशल को कक्षा शिक्षण से जोड़कर किस प्रकार विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पढ़ाने तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।