पानीपत। तहसील कैंप थानाक्षेत्र में ससुरालियों ने क्रेटा कार और पांच लाख नकदी की मांग पूरी न करने पर एक शिक्षिका को पांच साल तक प्रताड़ित करने के बाद मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर तहसील कैंप थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी को दी शिकायत में न्यू भगत नगर निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी 20 दिसंबर 2017 को यमुना एन्क्लेव निवासी एक युवक के साथ हुई थी। शादी में पिता ने 25 लाख रुपये खर्च किए थे। उसे और ससुराल वालों के लिए सोने-चांदी के आभूषण दिए थे, लेकिन शादी के कुछ दिन बाद ही उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। महिला ने बताया कि पति, सास-ससुर, तीन ननदों ने उससे कहा कि तुम्हारे परिवार वालों ने उनके साथ धोखा किया है। न तो दहेज में गाड़ी दी और न ही नकद दिया, जबकि उन्हें उम्मीद थी कि पांच लाख कैश और क्रेटा गाड़ी मिलेगी। आरोप है कि उसको मानसिक और शारीरिक तौर पर प्रताड़ित किया जाने लगा। पांच साल तक प्रताड़ना झेलने के बाद अब उसकी हिम्मत टूट गई और उसने पुलिस को शिकायत दी।
पीड़िता ने बताया कि वह एक निजी स्कूल में शिक्षिका है। उसकी सैलरी 30 हजार रुपये प्रतिमाह है, लेकिन आरोपियों ने हैसियत का हवाला देते हुए उसकी नौकरी छुड़वा दी। आरोपियों ने उससे दहेज में क्रेटा गाड़ी की मांग की। विरोध किया तो मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। धमकी दी कि अगर इस घर में आना है तो क्रेटा कार लेकर ही आना है, नहीं तो वे उसे जान से मार देंगे। महिला ने अपनी आजीविका के लिए स्कूल फिर से ज्वाइन कर लिया।
वर्जन
महिला की शिकायत पर ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- फूल कुमार, तहसील कैंप थाना प्रभारी