पानीपत। टीडीआई में कंपनी के खिलाफ रोष बढ़ता जा रहा है। टीडीआई में रह रहे 650 परिवारों, 55 दुकानदारों और सिक्योरिटी स्टाफ ने कंपनी से बिजली बिल भुगतान और सुविधाओं की मांग तेज कर दी है। रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूएस) ने कंपनी को चार दिन के अंदर बकाया बिल भुगतान करने का अल्टीमेटम दिया है। भुगतान न होने की स्थिति में 650 परिवार एनजीटी और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत देंगे।
आरडब्ल्यूएस प्रधान शैलेंद्र ने बताया कि फिलहाल टीडीआई में पानी की टंकी का छोड़कर बाकी सारे कनेक्शन बंद हैं। 650 परिवार अंधेरे में दिन बिताने के लिए मजबूर हैं। आरडब्ल्यूएस ने लोगाें से मेंटेनेंस चार्ज के नाम पर लोगों से करीब 17 लाख रुपये के चेक एकत्रित कर लिए हैं, लेकिन ये चेक कंपनी मालिक कमल तनेजा को बकाया बिजली बिल भुगतान होने और टीडीआई में अधूरे काम शुरू होने पर ही दिए जाएंगे। दुकानदारों का कहना है कि हमारी तरफ बिजली निगम का एक भी रुपया बकाया नहीं है। अगर निगम अधिकारी बिल बकाया दिखाते हैं, तो हम उसका तुरंत भुगतान करेंगे। अधिकारियों को हमारे बिजली कनेक्शन जल्द से जल्द चालू कराने चाहिए।
बिजली निगम का 56 लाख रुपये के करीब बिजली बिल टीडीआई की तरफ बकाया है। टीडीआईवासियों की परेशानी को देखते हुए बिजली निगम के अधिकारियों ने 15 लाख रुपये के बिल भुगतान पर पानी की टंकी का कनेक्शन चालू कर दिया था। बाकी बिल के भुगतान के लिए बुधवार तक का समय दिया गया है। अगर कंपनी पानी की टंकी के बकाया बिल का भुगतान नहीं करती तो फिर से कनेक्शन काट दिया जाएगा।
कंपनी की तरफ बकाया बिजली बिल का भुगतान समय पर नहीं हो रहा है। पूरे बिल का भुगतान होते ही तुरंत बिजली आपूर्ति बहाल करने का आदेश दे देंगे।
- धर्मबीर छिक्कारा, अधीक्षण अभियंता पानीपत सर्कल