इसराना। पानीपत-रोहतक हाईवे पर इसराना की विश्वकर्मा कॉलोनी के पास मंगलवार को गैस टैंकर के कुचलकर सोनीपत के बलीकुतुबपुर गांव निवासी महिला की मौत हो गई। महिला अपने बेटे के साथ बाइक पर बेटी की ससुराल जा रही थी। हादसे में बेटे को भी चोटें आई हैं। उसे प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल से छुट्टी मिल गई। इसराना थाने की पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया। मामले की जांच की जा रही है। परिजनों ने बताया कि बबली (50) पत्नी अमर सिंह निवासी गांव बलीकुतुबपुर-सोनीपत अपने बेटे अजय के साथ बाइक पर पानीपत बाजार में खरीदारी कर बांध गांव में अपनी बेटी के पास जा रही थी। इसराना में विश्वकर्मा कॉलोनी के पास तेज रफ्तार ईको से बचने के लिए अजय ने कट मारा। इससे बाइक पर बैठी बबली उछलकर सड़क पर गिर गई। पीछे से आए एक गैस टैंकर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टैंकर अनियंत्रित होकर ग्रिल तोड़ते हुए डिवाइडर पर चढ़ गया। चालक भीड़ का फायदा उठाकर टैंकर को छोड़कर फरार हो गया। महिला का बेटा अजय दूसरी तरफ गिरने से बच गया।