पानीपत। प्रदेश में गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए किसानों को प्रतिएकड़ 3200 रुपये का अनुदान देने की योजना शुरू की गई है। केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (गन्ना) योजना के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। जिससे किसान गन्ने की सिफारिश की गई किस्मों पर इंटर क्रॉपिंग के प्रदर्शन प्लांट लगाएं। डीसी डॉ. विरेंद्र कुमार ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत एक किसान अधिकतम दो एकड़ तक अनुदान का लाभ उठा सकता है। यह सहायता गन्ने की बिजाई हेतु आवश्यक इनपुट्स की खरीद के लिए दी जाएगी। जिला गन्ना विकास अधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि इच्छुक किसान 31 दिसंबर तक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हरियाणा की वेबसाइट www.agriharyana.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।