बापौली। छाजपुर कलां गांव में ड्रेन नंबर-दो में नहाते समय डूबने से 11 वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई। ग्रामीणों ने गमगीन माहौल में मृतक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
जानकारी के अनुसार छाजपुर कलां गांव निवासी विकास सरकारी स्कूल की छठी कक्षा में पढ़ता था। वह अपने अन्य साथियों के साथ घर से बिना बताए ड्रेन नंबर दो में नहाने के लिए चला। यहां पैर फिसलने से गहरे पानी में समा गया। दूसरे बच्चों ने उसको बचाने का विफल प्रयास भी किया। बाद में सूचना ग्रामीणों को दी गई।
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर इसकी सूचना सरपंच राजेंद्र रावल को दी। ग्रामीण भी बच्चे को ढूंढ़ने में जुट गए। थोड़ी देर बाद पुलिस व बच्चे के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते वहां ग्रामीणों का हुजूम लग गया। बच्चे की तलाश जारी रही। करीब सवा घंटे के बाद बच्चा मिल गया। परिजन उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत से पूरे गांव में मातम का सन्नाटा पसरा हुआ है।