पानीपत। न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी मेडिकल स्टोर संचालक को वीडियो कॉल कर अज्ञात युवकों ने चाकू दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित का कहना है कि इससे पहले भी उस पर हमले का प्रयास हो चुका है। पीड़ित ने मामले की शिकायत किला थाना पुलिस को दी है। इस पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी ऋषि पारिक ने बताया कि 19 सितंबर को रात 10 बजे वह जिम से अपने मेडिकल स्टोर पर जा रहा था। जब वह छोटूराम चौक के पास पहुंचा तो दो बाइक सवार युवक आए और उसकी बाइक के आगे अड़ा दी, युवकों के हाथ में डंडे थे, आरोपियों की बाइक पर 786 लिखा था। वहीं दूसरी तरफ से भी बाइक सवार युवकों को आते देख वह मौके से भाग निकला। वह 20 सितंबर की सुबह मेडिकल स्टोर पहुंचा तो उसके नंबर पर एक अज्ञात नंबर से वीडियो कॉल आई। जिसमें आरोपी युवकों ने उसे चाकू दिखाए और जान से मारने की धमकी दी।