पानीपत। खेल नर्सरी को लेकर शहरवासियों के साथ ग्रामीण भी आगे आ गए हैं। जिले में 20 नर्सरियों पर 103 के आवेदन आए हैं। यानी जिले के गांवों की संख्या के एक तिहाई स्थानों पर खेल नर्सरी शुरू करने की मांग उठी है। खेल विभाग ने नर्सरियों के प्रस्ताव अधिक आने पर इनको निदेशालय को भेजा है। अब निदेशालय स्तर पर इनका फैसला लिया जाएगा। विदित है कि जिले में 179 गांव हैं।
युवा एवं खेल विभाग के अंतर्गत 20 नर्सरी शुरू की जानी है। ये नर्सरी नए वित्त वर्ष को शुरू करनी है। इसको लेकर जिले में 103 स्थानों पर नर्सरी शुरू करने के आवेदन मिले हैं। एक साथ इतने अधिक आवेदन आने पर स्थानीय अधिकारी भी पशोपेश में फंस गए। विभाग ने अपने स्तर पर रास्ता निकालने का प्रयास किया, लेकिन कोई रास्ता नहीं निकला। विदित है कि परीक्षा के चलते खेल नर्सरी एक फरवरी को बंद कर दी गई थी। ये दो महीने बंद रही। इनको एक अप्रैल को फिर से शुरू किया जाना था। अब निदेशालय स्तर पर अधिकारी नर्सरियों का फैसला लेंगे। इसराना निवासी कुश्ती खिलाड़ी आशीष और दीपक ने बताया कि खेल नर्सरी दो महीने के लिए बंद कर दी जाती है। एक खिलाड़ी को अपना अभ्यास हर रोज चालू रखना पड़ता है। वे परीक्षा के दिनों में कुछ कम कर देते हैं। अप्रैल महीने के पांच दिन बाद भी खेल नर्सरी शुरू नहीं हो पाई हैं। खेल विभाग को खिलाड़ियों के हित को देखते हुए जल्द इसका फैसला लेना चाहिए।
ग्रामीणों की मांग बढ़ाई जाएं खेल नर्सरी की संख्या
ग्रामीणों ने खेल विभाग के अधिकारियों से नर्सरियों की संख्या बढ़ाने की मांग की है। शाहपुर निवासी जयसिंह और राजरूप ने बताया कि युवा आज खेलों में अपना भविष्य देख रहा है। ऐसे में नर्सरियों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। जिले में मात्र 20 नर्सरी नाकाफी हैं। युवाओं को ऐसे में प्राइवेट एकेडमी में अभ्यास करना पड़ता है। यहां अभिभावकों को अपनी जेब ढीली करनी पड़ती है।
खिलाड़ियों को हर महीने मिलता है डाइट भत्ता
खेल विभाग ने खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के लिए खेल नर्सरी शुरू की थी। ये खेल नर्सरी संबंधित खेल को लेकर गांवों व स्कूलों में शुरू की गई थी। एक नर्सरी में 25 खिलाड़ी खेलने वाले और पांच वेटिंग में होते हैं। 14 साल से अधिक आयु के खिलाड़ी दो हजार और इससे नीचे के खिलाड़ी को 1500 रुपये हर महीने डाइट के रूप में मिलते हैं।
वर्जन :
खेल नर्सरी परीक्षा के चलते फरवरी में दो महीने के लिए बंद कर दी जाती है। इनको एक अप्रैल से शुरू किया जाना है। इस बार 20 नर्सरी पर 103 आवेदन आए हैं। इनको प्रस्ताव निदेशालय भेजा गया है। वहां से मंजूरी के बाद खेल नर्सरी शुरू की जाएंगी।
सतेंद्र कुमार, डीएसओ पानीपत।