पानीपत। ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले दो एसआई समेत चार पुलिसकर्मियों पर एसपी ने कार्रवाई की है। विभागीय जांच के बाद एसपी ने चारों पुलिसकर्मियों के चार से छह साल तक का इन्क्रीमेंट काटने का निर्देश दिया है। विभागीय जांच के दौरान उक्त पुलिसकर्मियों का इन्क्रीमेंट लगा भी होगा तो उसे भी वापस लिया जाएगा।
दीवाना गांव में दो नवंबर को नवनियुक्त सरपंच सुरेंद्र लाला की जीत की खुशी में पानीपत पुलिस के एसआई धर्म सिंह उर्फ धर्मा ने भी खुशी मनाते हुए लोगों के बीच पिस्टल से हवाई फायर कर दिया। नौ सेकंड में एसआई पिस्टल को चूमते और फिर ताबड़तोड़ पांच गोलियां चलाते हुए नजर आ रहे हैं। उनका छह साल का इन्क्रीमेंट काटा गया है।
विकास नगर से लापता दो साल की बच्ची को ढूंढने में सेक्टर-29 थाने में तैनात एसआई सतबीर सिंह ने ढिलाई बरती थी। जांच अधिकारी ने कोई सबूत नहीं जुटाए। इसके चलते सतबीर सिंह को सस्पेंड भी किया गया था। साथ ही उसकी विभागीय जांच भी खोली गई थी। अब चार साल का आगामी इन्क्रीमेंट काटा गया।
तीन माह पहले पुलिस लाइन के मालखाना में खड़े एक टैंकर से इंजन, पंखा व पाइप चोरी हो गए थे, जो माल गोदाम के इंचार्ज नरेश कुमार के क्वार्टर से बरामद हुए थे। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। अब एएसआई नरेश का चार साल का आगामी इंक्रीमेंट काटा गया है।
जिले के कई थानों में तैनात सिपाही राजेश का छह साल का इन्क्रीमेंट काटा गया है। दरअसल, सिपाही राजेश अपनी ड्यूटी के प्रति लापरवाह था। वह अपनी ड्यूटी से बिना बताए लंबे समय तक गैर हाजिर था। विभाग की तरफ से पत्राचार किया गया, लेकिन उसकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। इसके चलते सिपाही की भी विभागीय जांच खोली गई थी।
ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले चार पुलिसकर्मियों का इंक्रीमेंट काटा गया है। ईमानदारी व कर्तव्य के साथ ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा, लेकिन लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- एसपी अजीत सिंह शेखावत