पानीपत। वार्ड नंबर 25 की तीन कॉलोनियों में नगर निगम 8.62 लाख रुपये से छह पानी के ट्यूबवेल लगाने जा रहा है। इससे वार्ड की करीब 50 की आबादी को स्वच्छ पेयजल मिल सकेगा। नगर निगम ने सैनी कॉलोनी में दो ट्यूबवेल, हरिनगर में दो और गंगा राम कॉलोनी में भी दो ट्यूबवेल लगाने का मंगलवार को टेंडर लगाया है। वार्ड नंबर 25 से पार्षद एवं सीनियर डिप्टी मेयर दुष्यंत भट्ट ने कहा कि वार्ड में कई जगहों पर पेयजल लाइन नहीं थी और कई जगह अमृत योजना के तहत पाइपलाइन उखाड़ी गई थी। जिससे लोगों के सामने पेयजल संकट बना हुआ था। गर्मी के सीजन में लोगों को परेेेशानी न हो इसके लिए छह ट्यूबवेल का टेंडर लगवाया गया है। इसका काम को वर्क ऑर्डर जारी होने के एक माह भीतर करवा दिया जाएगा। जिसके बाद मौजूदा पेयजल लाइन में ट्यूबवेल के कनेक्शन करवाए जाएंगे और जहां आवश्यकता होगी नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इन तीनों वार्डों में करीब 50 हजार लोगों की आबादी है। प्रति वार्ड 15 से 20 हजार लोग रहते हैं। ज्यादातर एरिया ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में आता है। लोगों की जरूरत को देखते हुए यहां ट्यूबवेल लगवाए जा रहे हैं।