इसराना। परढ़ाना गांव के पास शुक्रवार देर रात सांगवान पेट्रोल पंप पर तीन युवकों ने सेल्समैन पर पिस्तौल तानकर छह हजार रुपये लूट लिए। तीनों बदमाशों ने देर रात पंप पर आकर बाइक में पेट्रोल डालने को कहा था। सेल्समैन ने इंकार किया तो आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। सेल्समैन ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस बुलाई। पुलिस ने नाकाबंदी की, लेकिन बदमाश भागने में सफल हो गए। इसराना पुलिस ने सेल्समैन की शिकायत पर अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में परढ़ाना गांव निवासी ईश्वर ने बताया कि वह अपने साथी हाट गांव, जींद निवासी विशाल के साथ शुक्रवार रात को सांगवान फीलिंग स्टेशन पर बतौर सेल्समैन काम करता है। शुक्रवार की रात 1:10 बजे वो विशाल के साथ पंप पर वाहनों में डीजल भर रहे थे। तभी तीन युवक बाइक पर आए व बाइक में पेट्रोल डालने के लिए कहने लगे। उन्होंने मशीन बंद होने की बात कहकर पेट्रोल डालने से इंकार कर दिया। एक युवक ने उस पर पिस्तौल तान दी, दूसरे ने उससे छह हजार रुपये लूट लिए। आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।