पानीपत। पहली नीरज चोपड़ा हरियाणा राज्य जेवलिन थ्रो चैंपियनशिप के फाइनल में रविवार को पानीपत जिले के छह खिलाड़ी दम दिखाएंगे। नीरज चोपड़ा के ओलपिंक में स्वर्ण पदक जीतने की खुशी में पहली बार उनके नाम पर हरियाणा जेवलिन थ्रो चैंपियनशिप आयोजित की गई है। एथलेटिक्स हरियाणा के मीडिया प्रभारी सत्यवीर धनखड़ ने बताया कि कर्ण स्टेडियम करनाल में आयोजित प्रतियोगिता में सभी जिलों के 163 एथलीटों ने पहले दिन भाला फेंका। एथलेटिक्स हरियाणा के महासचिव राजकुमार मिटान ने बताया कि चैंपियनशिप का आयोजन नीरज चोपड़ा के टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। महासचिव मिटान ने कहा कि 14 वर्ष के बालक वर्ग के क्वालिफाइंग राउंड में विनय पानीपत ने तीसरा, दक्ष गर्तन पानीपत ने सातवां, रितेश पानीपत ने 10वां स्थान प्राप्त कर फाइनल में खेलने के लिए जगह बनाई है। 16 साल आयु वर्ग में सागर पानीपत ने पहला, नितिन पानीपत ने पांचवां, दीक्षित मेहला पानीपत ने सातवां स्थान प्राप्त कर सात अगस्त को होने वाले फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।