पानीपत। जिले में डेंगू का खतरा लगातार बढ़ रहा है। चुनाव के कारण एंटी लार्वा एक्टिविटी प्रभावित हुई इसलिए फॉगिंग नहीं हो पाई। अब दूसरे दिन मंगलवार को भी डेंगू के छह केस मिले हैं।
अहर गांव में 55 साल का अधेड़, रेरकलां में 60 साल की वृद्धा, समालखा में 59 साल की वृद्धा, शुगर मिल कॉलोनी में 84 साल की वृद्धा, रेरकलां गांव में 20 साल के युवक व डाबर कॉलोनी में 10 साल की बच्ची की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। सभी डेंगू संक्रमित निजी अस्पताल में दाखिल है। इससे पहले सोमवार को भी डेंगू के तीन केस मिले हैं। अब जिले में डेंगू के रोगियों की संख्या 59 हो चुकी है। अब भी 180 बुखार के रोगियों की डेंगू की रिपोर्ट आनी बाकी है। बुधवार को इनकी रिपोर्ट आ सकती है। ऐसे में डेंगू के रोगियों की संख्या बढ़ सकती है।
जिला मौसमी बीमारियों की चपेट में है। हर घर में बुखार-खांसी व जुकाम के मरीज हैं। स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की भीड़ जुट रही है। बुधवार को जिला नागरिक अस्पताल में 1600 से अधिक लोग इलाज कराने पहुंचे। निजी अस्पतालों में भी सात हजार से अधिक ओपीडी हो रही हैं। स्वास्थ्य विभाग दोनों ड्रेनों के आसपास फॉगिंग कर रहा है। नगर निगम सभी 26 वार्डों के प्लॉटों में जमा पानी में काला तेल डालकर लार्वा नष्ट कर रहा है। गांवों में फॉगिंग की जिम्मेदारी जिला पंचायती राज विभाग को दी गई है। स्वास्थ्य विभाग लोगों को डेंगू के खिलाफ जागरूक कर रहा है। जहां डेंगू के रोगी मिल रहे हैं वहां पर एंटी लार्वा एक्टिविटी चलाई जा रही है।
साल दर साल डेंगू के मरीज-
साल - मरीज
2020 - 274
2021 - 287
2022 - 296
2023 - अब तक 59
वर्जन :
उप सिविल सर्जन डॉ. सुनील संडूजा ने बताया कि जहां डेंगू के सात और मरीज मिले हैं। वहां लोगों की जांच कराई जा रही है। बुखार से पीड़ित लोगों की स्लाइड तैयार की जा रही है। नगर निगम व जिला पंचायती राज विभाग को फॉगिंग कर रहा है। पूरे जिले में एंटी लार्वा एक्टिविटी चलाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ड्रेन के किनारे घरों में फॉगिंग कर रहा है।