पानीपत। ऑल इंडिया ओपन एयर वेपन-2023 प्रतियोगिता में गांव इसराना की बेटी ने सभी राज्यों की खिलाड़ियों को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता है। यह प्रतियोगिता एक मार्च से लेकर सात मार्च तक फरीदाबाद के डॉ. करण सिंह शूटिंग रेंज में हुई। इसमें 10 मीटर एयर राइफल जूनियर महिला वर्ग में श्रुति ने 600 में से 625.9 अंक प्राप्त कर शूटिंग चैंपियनशिप में हरियाणा का नाम रोशन किया।
पिता सुक्रम जागलान ने बताया कि श्रुति ने तीन साल पहले खेलना शुरू किया था। 12वीं कक्षा की तैयारी के दौरान उसका आधा समय शूटिंग रेंज तक जाने आने में लग जाता था। इस कारण दो साल पहले उन्होंने अपने घर में ही लाखों रुपये खर्च कर शूटिंग रेंज लगवा ली थी,जिसमें श्रुति के साथ उसका छोटा भाई द्रोण जागलान भी अभ्यास करता है। द्रोण ने भी इसी चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। उन्होंने बताया कि बेटी की हर जीत से उनके गांव में खुशियां छा जाती है। अब बेटी के घर लौटने का इंतजार है, जिसके बाद जीत की खुशी को सेलीब्रेट करेंगे।
- अब ओलंपिक क्वालिफिकेशन के लिए करेगी तैयारी
ऑल इंडिया ओपन शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक के बाद श्रुति जागलान अब ओलंपिक क्वालिफिकेशन राउंड की तैयारी करेगी। ओलंपिक पदक पर निशाना लगाने के लिए श्रुति जागलान फरीदाबाद में ओलंपियन दीपक कुमार की देखरेख में तैयारी करेगी। श्रुति ने बताया कि ओलंपिक के लिए वह आगे कड़ा अभ्यास को तैयार है।
दस अंक प्राप्त करना है बड़ी उपलब्धि
श्रुति जागलान ने 600 में से 625.9 अंक प्राप्त किए हैं। उसके इन अंकों ने हर कोई आश्चर्यचकित हैं। दरअसल नेशनल चैंपियनशिप में 60 राउंट होते हैं। जिसमें 10 प्वाइंट मिलते हैं। 10.9 एक्यूरेट प्वाइंट होते हैं। यदि कोई खिलाड़ी 10 से ज्यादा माइनर सटीक निशाना लगा देता है तो नियमानुसार इसे भी गिना जाता है। ऐसा कुछ ही खिलाड़ी कर पाते हैं। श्रुति ने 10 से 15 राउंड में 10.5 तक अंक प्राप्त किए। जिनमें 600 में से 625.9 अंक प्राप्त किए है। श्रुति के पिता सुक्रम ने बताया कि तीन साल की मेहनत रंग लाई है। बेटी सटीक निशाने लगा पदक जीत रही है।