पानीपत। पानीपत ग्रामीण विधानसभा की कॉलोनियों में अमृत-2 योजना के तहत करीब 47 करोड़ की लागत से सीवर व पेजयल पाइपलाइन बिछाने के साथ सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। निगम के टेंडर के बाद रविवार को कॉलोनियों में काम शुरू करा दिए गए।
पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा ने रविवार को वार्ड-24, 25 और 26 में पांच स्थानों पर शिलान्यास कार्यक्रम किए। यहां गोपाल कॉलोनी, अर्जुन नगर, भारत नगर, सैनी कॉलोनी व हरिनगर में कार्यक्रम किए गए। वहीं वार्ड-2 में शिरोमणि सैन धर्मशाला की आधारशिला रखी। युवा सैन एकता मंच के संस्थापक स्वामी नरेशानंद सेनाचार्य भारत विशेष रूप से आधारशिला कार्यक्रम में पहुंचे। लोगों ने यहां पहुंचने पर विधायक का स्वागत किया।
महिपाल ढांडा ने कहा कि पानीपत ग्रामीण विधानसभा की कॉलोनियों व गांवों में विकास कार्य लगातार कराए जा रहे हैं। कॉलोनियों में मूलभूत सुविधा दी जा रही हैं। कई कॉलोनियों में सीवर व पेयजल लाइन बिछा दी गई हैं। कुछ कॉलोनियों में अमृत-2 योजना के तहत सीवर व पेयजल पाइप लाइन बिछाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि खोतपुरा गांव में एम्स का आधुनिक सेंटर लाया जा रहा है। इसके मूर्त रूप में आने के बाद व्यक्ति के पूरे शरीर की जांच की जा सकेगी। शिरोमणि सैन धर्मशाला को भव्य तरीके से बनाया जाएगा। स्वामी नरेशानंद सेनाचार्य भारत के कहा कि धर्मशाला का उपयोग समाज के सामाजिक कार्यों, सत्संग प्रवचन और समस्त समाज की बेटियों के विवाह के लिए किया जाएगा। इस मौके पर सुरेंद्र, देवेंद्र संधु, मास्टर विनोद, नकली सैन, रमेश सैन, पम्मी लाकड़ा, नीरू सैन, रामेश्वर सैन, राजेंद्र, सुखदेव डोलिया व सुरेंद्र काकराण मौजूद रहे ।