पानीपत। शहर के रिहायशी सेक्टरों में लगातार हो रहे अवैध कब्जों, अवैध निर्माणों पर अब हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण सख्त हो चुका है। शुक्रवार को भी एचएसवीपी की टीम ने सेक्टर 7, 8, 18 और 19 में बड़ी कार्रवाई की है। सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक टीम ने अवैध कब्जों के अवैध निर्माणों पर अपनी जेसीबी का पीला पंजा चला। यहां एचएसवीपी के अधिकारियों ने कई प्लाटों की नींव उखाड़ी। दो निर्माणाधीन इमारतों को गिराया और दो कच्चे अस्थायी तौर पर बने कमरों को ध्वस्त करने का काम किया है।
इससे पहले भी एचएसवीपी की टीम शहर के तकरीबन सभी सेक्टरों से अतिक्रमण और अवैध कब्जों को हटवाने की कई बार कार्रवाई कर चुकी है। इसके लिए एचएसवीपी की टीम जीटी रोड, अंसल, ज्योति नगर और आर्य नगर में भी अपनी जमीन को कब्जा मुक्त करा चुकी है।
इस कार्रवाई में एचएसवीपी की ओर से जेई रामपाल आर्य और रिक्की छौक्कर मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सेक्टरों में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण और अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एचएसवीपी की ये कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।