समालखा। गणतंत्र दिवस पर खंड स्तरीय समारोह को लेकर बुधवार को उपमंडल अधिकारी अमित कुमार ने सचिवालय के सभागार में अधिकारियों की बैठक ली।
उन्होंने गणतंत्र दिवस समारोह को धूमधाम से मनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और जिम्मेदारियां सौंपी। गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम हर वर्ष की भांति अनाज मंडी समालखा में होना निश्चित हुआ है। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे देश का महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व है और यह पर्व हर वर्ष पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 26 जनवरी को खंड स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह को भव्य पूर्ण ढंग से आयोजित करने के लिए सभी अधिकारी आपसी तालमेल से कार्य करें और जिस अधिकारी एवं विभाग को जो जिम्मेवारी सौंपी गई है उसे पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निभाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गणतंत्र दिवस समारोह के लिए जो प्रबंधन किए जाने हैं वह उन्हें समय रहते पूरा करें। गणतंत्र दिवस समारोह में पुलिस विभाग व विभिन्न स्कूलों के बच्चों की टुकड़ियों द्वारा मार्च पास्ट किया जाएगा और विभिन्न स्कूलों के बच्चे पीटी व डंबल प्रदर्शन, देश भक्ति से ओत प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। विभाग विकासात्मक गतिविधियों व उपलब्धियों पर आधारित झांकी निकालेंगे।