पानीपत। विज्ञान विषय में विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने और विज्ञान में रूचि बढ़ाने के लिए सभी राजकीय व निजी विद्यालयों में विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। चार राउंड में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में हरियाणा शिक्षा बोर्ड के साथ-साथ सीबीएसई व आईसीएसई बोर्ड के विद्यार्थी भी शामिल होंगे। प्रतियोगिता पहले जिला स्तर पर आयोजित की जाएगी। उसके बाद जोनल तथा राज्य स्तर पर भी आयोजित की जाएगी। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को 60 हजार तक का पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता में ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों की प्रतिभागिता करवाने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
हरियाणा राज्य विज्ञान, नवाचार और प्रौद्योगिकी परिषद के अनुसार जिला स्तरीय विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता समूह ''ए'' एवं ''बी'' के लिए अलग-अलग आयोजित की जाएगी। पानीपत जिले में ग्रुप ए के अंतर्गत सीबीएसई व आईसीएसई से संबद्ध सभी निजी और सरकारी स्कूलों के लिए जीटी रोड स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एक अगस्त को सुबह 08.30 बजे प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। वहीं, ग्रुप बी के अंतर्गत हरियाणा शिक्षा बोर्ड से संबद्ध सभी निजी और सरकारी स्कूलों के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तहसील कैंप में 06 अगस्त को सुबह 08.30 बजे प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
ए, बी और सी पर राउंड पासिंग राउंड है। यदि जिस टीम से प्रश्न पूछा गया है, वह प्रश्न का उत्तर नहीं देती है, तो इसे क्रम में अगली टीम को दे दिया जाएगा और टीम को आधे बोनस अंक दिए जाएंगे। यहां कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। मौखिक प्रश्नोत्तरी के प्रदर्शन के आधार पर, आंचलिक विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सर्वश्रेष्ठ पांच टीमों का चयन किया जाएगा। जिला स्तर पर चयनित सर्वश्रेष्ठ पांच टीमों की सूची प्रश्नोत्तरी की रिपोर्ट के साथ संबंधित क्षेत्र के डीईओ को निर्धारित प्रारूप में भेजी जाएगी। प्रत्येक समूह से सर्वश्रेष्ठ तीन टीमों को राज्य स्तर पर पुरस्कार व ट्रॉफी दी जाएगी।
बॉक्स
प्रत्येक स्कूल से तीन छात्रों की टीम होगी शामिल
निर्देशानुुसार प्रत्येक स्कूल को विज्ञान संकाय के तीन छात्रों की एक टीम भेजनी होगी। प्रत्येक विद्यालय से एक टीम होनी चाहिए। आयोजक स्कूल भाग लेने वाली सभी टीमों की बहुविकल्पीय लिखित या स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित करेगा और सर्वश्रेष्ठ आठ टीमों का चयन करेगा। इन आठ टीमों की मौखिक प्रश्नोत्तरी आयोजित करेगा। लिखित परीक्षा में भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित, जीव विज्ञान और पर्यावरण अध्ययन के साथ-साथ वैज्ञानिक अनुसंधान के अन्य क्षेत्रों से प्रश्न शामिल होने चाहिए। स्क्रीनिंग टेस्ट में 100 प्रश्न होंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक दिया जाएगा और प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 0.25 अंक काटे जाएंगे। जिला स्तरीय विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता प्रत्येक जिले के डीईओ या डीएसएस आयोजन कराया जाएगा।
बॉक्स
चार राउंड में आयोजित होगी प्रतियोगिता
राउंड दौर का नाम
ए प्रश्न चक्र- भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित, जीव विज्ञान और पर्यावरण अध्ययन के साथ-साथ वैज्ञानिक अनुसंधान के अन्य क्षेत्रों के चार उप दौर
बी गतिविधि दौर- के दो उप दौर
सी दृश्य दौर - दो उप दौर
डी रेपिड फायर
बॉक्स
नौवीं से 12वीं के विद्यार्थी होंगे शामिल
यह प्रतियोगिता हरियाणा के किसी भी स्कूल में कक्षा 9वीं से 12वीं तक पढ़ने वाले छात्रों के लिए खुली है। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का माध्यम अंग्रेजी भाषा होगी। हालांकि छात्र प्रश्न का उत्तर हिंदी में भी दे सकते हैं। जिला स्तर पर विजेताओं को कोई नकद पुरस्कार नहीं दिया जाएगा। केवल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। जोनल स्तर पर प्रथम पुरस्कार 20 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 15 हजार तथा तृतीय पुरस्कार 12 हजार रुपये का तय किया है। राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 60 हजार रुपये व ट्रॉफी, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार तथा तृतीय पुरस्कार 40 हजार रुपये का दिया जाएगा।
वर्जन-
विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने और विज्ञान की गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए जिला स्तर पर विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तर पर सर्वश्रेष्ठ टीमें जोनल स्तर पर प्रतियोगिता में भाग लेंगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जरूरी निर्देश दिए गए हैं।
- संदीप कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, पानीपत।