राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) गुरुग्राम की ओर से नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कालरशिप (एनएमएमएस) 2022-23 की परीक्षा के लिए पंजीकरण करने का शेड्यूल जारी कर दिया है। इसमें सरकारी स्कूलों में आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थी 30 सितंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। इसको लेकर एससीईआरटी ने प्रदेशभर के जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजकर अधिक से अधिक पंजीकरण करवाने के निर्देश जारी किए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी कुलदीप दहिया ने बताया कि कोई भी विद्यार्थी रुपयों की कमी के कारण अपनी शिक्षा बीच में न छोड़े। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए मानव संसाधन विकास मंत्रालय के तत्वावधान में एससीईआरटी गुरुग्राम की ओर से प्रतिवर्ष आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कालरशिप परीक्षा आयोजित की जाती है। जिसमें पास होने वाले विद्यार्थियों को विभाग की ओर से एक हजार रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति नौवीं से 12वीं कक्षा तक के लिए दी जाती है। उन्होंने बताया कि जिले के विद्यार्थियों ने पोर्टल पर बहुत कम रजिस्ट्रेशन हो रहे हैं। जिसको लेकर डीईओ ने संबंधित स्कूलों को पत्र जारी कर रजिस्ट्रेशन में बढ़ोत्तरी कराने के निर्देश दिए हैं।
बाक्स
सरकारी स्कूल से सातवीं पास विद्यार्थी ही कर सकेंगे आवेदन
पत्र के अनुसार परीक्षा में सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल से सातवीं कक्षा पास करने वाले और वर्तमान में उन्हीं स्कूल में आठवीं कक्षा के विद्यार्थी ही परीक्षा दे सकेंगे। वहीं आवेदन करने वाले विद्यार्थी के माता-पिता की वार्षिक आय 1.50 लाख से कम होनी अनिवार्य है।
- एक विद्यार्थी को चार वर्ष में मिलेंगे 48 हजार रुपये
एनएमएमएस की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को नौवीं से 12वीं कक्षा तक प्रतिमाह एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति शिक्षा विभाग की ओर से दी जाएगी। ऐसे में चार वर्ष में एक विद्यार्थी को 48 हजार रुपये दिए जाएंगे जिससे किसी भी विद्यार्थी की पैसों के अभाव में पढ़ाई न छूटे।