पानीपत। सावन की झड़ी सी लग गई है। सोमवार को दिनभर रुक-रुककर मध्यम से तेज बारिश होती रही। इससे कई जगह जलभराव हो गया। कई कॉलोनियों में जलभराव के चलते बाहर निकलना मुश्किल हो गया। मौसम विशेषज्ञों ने अगले 24 घंटे मध्यम से तेज बारिश होने का अनुमान लगाया है।
सोमवार सुबह आसमान में हल्के बादल छा गए थे। लोगों को मौसम साफ होने की उम्मीद थी, लेकिन सुबह आठ बजे एक बार हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। इसके बाद मौसम कुछ साफ हुआ। सुबह साढ़े दस बजे एक साथ तेज बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक बारिश चली। इसके बाद मौसम कुछ साफ हुआ। दोपहर बाद तीन बजे फिर तेज बारिश चली। यह सिलसिला पांच बजे तक चलता रहा।
कांवड़ियों को गड्ढों में परेशानी
हरिद्वार से गंगाजल लेकर कांवड़ियों को आना लगातार तेज हो रहा है। सनौली रोड मार्बल मार्केट और असंध रोड ज्योति कॉलोनी के पास टूटा हुआ है। यहां गड्ढे भरने के लिए पिछले दिनों डाले रोड़े निकल आए हैं। इससे कांवड़ियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। असंध रोड पर पानी जमा से कांवड़ियों को कॉलोनी से होकर आगे जाना पड़ता है।
यहां इतनी बारिश हुई -
पानीपत में सुबह आठ बजे तक 51 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं समालखा में 89, इसराना में 13, बापौली में 31 और मतलौडा 41 एमएम बारिश दर्ज की गई। सोमवार सुबह आठ से शाम पांच बजे तक पानीपत में सात, समालखा में 34, इसराना में 10, बापौली 14 व मतलौडा में 25 एमएम बारिश दर्ज की गई।